सावधान! सस्ते दाम के चक्कर में कहीं नकली 4K TV तो नहीं ले आए? Smart TV खरीदने से पहले जरूर जान लें ये सीक्रेट बातें

                                              


आज के समय में स्मार्ट टीवी भी उतना ही जरूरी हो गया है जितना स्मार्टफोन. घर बैठे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्में, वेब सीरीज, लाइव मैच या फिर ऑनलाइन मीटिंग सब कुछ बड़ी स्क्रीन पर आसानी से देखा जा सकता है. यही वजह है कि ज्यादातर लोग नया टीवी लेते समय सीधे 4K मॉडल की तरफ रुख करते हैं. लेकिन कई बार कम कीमत का लालच भारी पड़ जाता है और ग्राहक समझ ही नहीं पाते कि वे असली 4K की जगह अधूरा अनुभव देने वाला टीवी खरीद लाए हैं.

अक्सर कंपनियां अपने टीवी को 4K बताकर प्रचार करती हैं लेकिन सिर्फ स्क्रीन का रेजलूशन 4K होना ही काफी नहीं होता. असली 4K अनुभव के लिए टीवी के अंदर मौजूद प्रोसेसर, पैनल क्वालिटी और अन्य हार्डवेयर भी उसी स्तर के होने चाहिए जो हाई-रेजोल्यूशन कंटेंट को सही तरीके से प्रोसेस कर सकें. अगर सपोर्टिंग तकनीक कमजोर है तो 4K कंटेंट चलने के बावजूद तस्वीर में खास फर्क नजर नहीं आता.

ऐसे टीवी में HD और 4K के बीच अंतर बहुत मामूली लगता है. तस्वीर थोड़ी शार्प दिख सकती है लेकिन रंग फीके या अस्वाभाविक लग सकते हैं. ऐसे में ज्यादा पैसे खर्च करने के बाद भी वैसा अनुभव नहीं मिलता जिसकी उम्मीद की गई थी.

सही 4K टीवी चुनते समय सिर्फ रेजलूशन देखना काफी नहीं है. डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. अगर टीवी केवल बेसिक 60Hz तक सीमित है तो तेज मूवमेंट वाले सीन जैसे स्पोर्ट्स या एक्शन मूवी उतने स्मूद नहीं दिखेंगे. बेहतर अनुभव के लिए हाई रिफ्रेश रेट सपोर्ट होना फायदेमंद रहता है.

इसके अलावा MEMC (मोशन एस्टीमेशन, मोशन कंपनसेशन) जैसी तकनीक तस्वीर को और स्मूद बनाती है. यह फीचर फास्ट मूवमेंट वाले दृश्यों में झटकों को कम करता है और वीडियो को ज्यादा स्पष्ट दिखाता है.

कलर सपोर्ट भी उतना ही जरूरी है. जिस टीवी में ज्यादा कलर रेंज और बेहतर पैनल क्वालिटी मिलती है वहां रंग ज्यादा प्राकृतिक और गहराई वाले दिखाई देते हैं. इससे मूवी या शो देखते समय विजुअल अनुभव कई गुना बेहतर हो जाता है.

अगली बार जब आप स्मार्ट टीवी खरीदने जाएं, तो सिर्फ सस्ती कीमत या बड़े 4K टैग से प्रभावित न हों. तकनीकी खूबियों की जांच जरूर करें. हो सकता है कि बेहतर फीचर्स वाला मॉडल थोड़ा महंगा पड़े लेकिन वही आपको असली 4K क्वालिटी और संतोषजनक अनुभव देगा. समझदारी से चुना गया टीवी लंबे समय तक मनोरंजन का सही आनंद देगा जबकि जल्दबाजी में लिया गया फैसला पछतावे की वजह बन सकता है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ